
8 जुलाई को इन्द्री में आयोजित होगा ओबीसी मोर्चा का विशाल सामाजिक सम्मेलन
इन्द्री विजय काम्बोज||
ओबीसी मोर्चा की तरफ से इन्द्री के बजाज पैलेस में सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से लोग शामिल होंगे। यह जानकारी देते हुए ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज ने बताया कि पूरे प्रदेश में ओबीसी मोर्चा की गतिविधियां जारी है। इसी कड़ी में इंद्री में भी 8 जुलाई को सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें करनाल के सांसद संजय भाटिया भी शिरकत करेंगे। पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज ने इन्द्री में हुई एक बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि इन्द्री में अभी तक ओबीसी मोर्चा का कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं हुआ था जिसके चलते कार्यकर्ताओं की मांग पर यह सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सबका साथ सबका विकास के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। प्रदेश की जनता के लिए नित नई नई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही है जिससे प्रदेश के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। हरियाणा प्रदेश के कुंवारों और विधुरों को पेंशन देने वाला हरियाणा अग्रणी राज्य बन गया है। इस योजना की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है, इतना ही नहीं तहसीलों की भीड़ को कम करने के लिए और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम और डीआरओ को भी जमीनों की रजिस्ट्री करने की शक्तियां प्रदान की गई है। रजिस्ट्री के 10 दिन के अंदर इंतकाल करना भी प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी राहत देगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में ओबीसी मोर्चा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनके माध्यम से लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जो भी योजनाएं लागू की गई है उसके बारे में बताया जाता है और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने का कार्य मजबूती के साथ किया जा रहा है।
