
इन्द्री 9 जुलाई,विजय काम्बोज || एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में अधिक वर्षा होने के कारण नदियों नालों का जल स्तर बढ़ जाता है जिसकी वजह से फसलों के नुकसान के साथ-साथ लोगों की जान माल का खतरा भी अधिक बढ़ जाता है इसलिए हमें अपनी जान माल की सुरक्षा के साथ-साथ अधिक सावधानियां बरतनी चाहिए।
एसडीएम अशोक कुमार ने यमुना नदी के किनारे लगते गांव के लोगों से अपील की कि अधिक वर्षा के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ सकता है इसलिए यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण सावधानी बरतें और जब तक बरसात और यमुना नदी का जलस्तर कम नहीं होता तब तक कोई भी किसान अपने खेतों में ना जाए और न ही वहां पर जाकर खेती इत्यादि का कार्य करें इसके अलावा गांव का कोई भी व्यक्ति अपने अन्य कार्य के लिए भी यमुना नदी के पास न जाए।
उन्होंने यमुना नदी के साथ लगते गांव के लोगों को बताया कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से घबराए नहीं, बल्कि बाढ़ के बचाव के लिए प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क बनाए रखें | उन्होंने बताया कि बाढ़ इत्यादि के कारण यमुना नदी के साथ लगते गांव के लोगों की सुरक्षा एवं उनकी जान-माल के बचाव के लिए प्रशासन ने समय रहते पहले से ही पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं।
एसडीएम अशोक कुमार ने उपमंडल स्तर पर बाढ़ से संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि बरसात की वजह से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ सकता है इसलिए वे यमुना नदी के साथ लगते गांव के लोगों से संपर्क बनाए रखें ताकि बाढ़ इत्यादि से निपटने के लिए बाढ़ ग्रस्त गांव में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके और बाढ़ से बचाव से संबंधित सामान को भी तैयार रखें द्य उन्होंने बताया कि प्रशासन के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बाढ़ इत्यादि के समय लोगों की मदद करने के लिए हर समय तैयार हैं।
