
लाडवा (नरेश गर्ग): भारत विकास परिषद् की कुरुक्षेत्र शाखा के प्रेस सचिव एवं इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा के पूर्व प्राचार्य डॉ हरिप्रकाश शर्मा की पुस्तक भगवान् बुद्ध जीवनं दर्शन का विमोचन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के कर- कमलों द्वारा किया गया।
डॉ शर्मा द्वारा लिखित यह ग्रंथ दर्शनशास्त्र के प्रकांड विद्वान् एवं भारतीय संस्कृति के संवाहक दिवंगत आचार्य डॉ हिम्मत सिंह सिन्हा द्वारा लिखित भगवान् बुद्ध जीवन एवं दर्शन नामक ग्रंथ का प्रवाहमयी शैली में संस्कृत अनुवाद है। भगवान् बुद्ध के जीवन चरित में प्रमुख अंशों के साथ उनकी वाणी का सारगर्भित परिचय यहां प्रस्तुत किया गया है। त्रिपिटक साहित्यगत बिंदुओं पर लेखक ने दृष्टि केंद्रित रखकर बौद्ध धर्म की महत्ता, उसकी विकास यात्रा, भारतीय संस्कृति में बौद्धिक चिंतन की उपादेयता, बौद्ध वाणी के शाश्वत उपदेश आदि विषयों का उपयोगी ग्रंथन इस ग्रंथ में किया है। वस्तुत: भगवान् बुद्ध के महापरिनिर्वाण की 2550 वीं वर्षगांठ के अवसर पर डॉ हिम्मत सिंह सिन्हा द्वारा हिंदी माध्यम में रचित इस ग्रंथ को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने प्रकाशित कराया था। डॉ हरिप्रकाश शर्मा ने भारतीय संस्कृति के प्रति इस ग्रंथ की उपादेयता को समझते हुए संस्कृत माध्यम में लिखने का निर्णय लिया। डॉ शर्मा ने अपने इस ग्रंथ को श्रद्धेय दिवंगत आचार्य डॉक्टर हिम्मत सिंह सिन्हा को समर्पित किया है। इस ग्रंथ से पूर्व डॉ हरिप्रकाश शर्मा के तीन ग्रंथ प्रकाशित हो चुके हैं। वे एक सौ से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठियों में शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। अनेक पत्रिकाओं में इनके शोधपत्र प्रकाशित हैं। हरियाणा संस्कृत अकादमी द्वारा ‘महाकवि बाणभट्ट सम्मान’ प्राप्त करने का इनको गौरव हासिल है। ग्रंथ के लोकार्पण के अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव प्रोफेसर संजीव शर्मा, इन्दिरा गान्धी नेशनल कॉलेज की प्रबंधक समिति के प्रधान पवन गर्ग तथा भारत विकास परिषद् की कुरुक्षेत्र शाखा के अध्यक्ष पवन गुप्ता सहित शाखा के अन्य सदस्यों ने डॉ हरिप्रकाश शर्मा को बधाई दी।
