
इन्द्री(विजय काम्बोज)
विधायक रामकुमार कश्यप की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में आगामी 24 मई को महर्षि कश्यप जंयती समारोह को भव्य ढंग से मनाने के लिए कश्यप समाज के गणमान्य व्यक्तियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विधायक रामकुमार कश्यप ने बताया कि कश्यप समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने निर्णय लिया कि आगामी 24 मई 2023 को राज्यस्तरीय महर्षि कश्यप जंयती समारोह इन्द्री(करनाल)में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बैठक में कश्यप समाज के गणमान्य व्यक्तियों का आह्वïान किया कि वे सभी आपसी मतभेद भूलाकर मिलजुलकर महर्षि कश्यप जयंती समारोह को भव्य तरीके से आयोजित करवाएं। उन्होंने बताया कि महर्षि कश्यप जंयती समारोह में प्रदेश भर से लोग भाग लेंगे। इसलिए हमें जंयती समारोह को मनाने के लिए अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर देनी होगी। रामकुमार कश्यप ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी हैं, तब से हर धर्म एवं समाज के महापुरूषों की जंयतियों को सरकार द्वारा अपने स्तर पर मनाया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि संतों ने जो शिक्षा समाज को दी है, उसी शिक्षा की बदौलत आज देश व प्रदेश उन्नति के शिखर पर है। उन्होंने बताया कि गुरूओं, संतों, ऋषि मुनियों, पीर पैगम्बरों व महापुरूषों नें पूरी मानवता को सच्चाई व धर्म के मार्ग पर चलने का सन्देश दिया है। संतों को किसी धर्म और जाति की सीमाओं में सीमित रखना न्यायोचित नहीं है क्योंकि संत सभी के सांझे होते हैं और संतों ने समाज व देश को हमेशा सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। इस मौके पर कश्यप समाज के पूर्व सरपंच श्याम लाल, मेनपाल कश्यप, गुरविन्द्र सिंह, सरपंच रमेश कुमार, हवा सिंह, ब्लाक समिति मैम्बर जयपाल व राकेश कुमार, रामचन्द्र अमरनाथ, सुभाष चन्द सहित कश्यप समाज के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
