
ककरोई नहर से निकाली गई क्षतिग्रस्त कार को देखने के लिए लगी भीड़।
हरियाणा के सोनीपत के गांव ककरोई के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर से निकाली गई एक कार से तीन माह पहले लापता देव नगर के ओमबीर का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह कार सहित नहर में गिर गया था। पानी ज्यादा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। अब ककरोई के पास कार दिखाई दी।
बुधवार दोपहर को गांव ककरोई के ग्रामीण पश्चिमी यमुना लिंक नहर की तरफ घूमने गए तो उन्हें नहर में एक कार दिखाई दी। उन्होंने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने हाइड्रा की मदद से कार को बाहर निकलवाया तो चालक सीट पर शव मिला।
कार के नंबर के आधार पर जांच की तो पता लगा कि कार सोनीपत शहर के देवनगर के रहने वाले व्यक्ति की है। पुलिस ने परिजनों का अवगत कराया। जांच में कार के अंदर मिले शव की पहचान ओमबीर (34) के रूप में हुई। करीब तीन माह से वह लापता था। इस संबंध में सिटी थाना में मुकदमा दर्ज था। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को कराया जाएगा।
2 नवंबर को दिल्ली जाने के निकला था ओमबीर
जयपाल सिंह ने 6 नवंबर, 2022 को सिटी थाना में मुकदमा दर्ज कराया था कि उनका बेटा ओमबीर 2 नवंबर को रात आठ बजे घर से दिल्ली के बवाना स्थित जेजे कॉलोनी जाने के लिए निकला था। उसके बाद से वह लौटकर नहीं आया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बंधक बनाकर रखने का मुकदमा दर्ज किया था। ओमबीर अविवाहित था।
18 फीट गहरी है नहर
पश्चिमी यमुना लिंक नहर की गहराई करीब 18 फीट है। साथ ही नहर ऊपर से चौड़ी व गहराई में इसकी चौड़ाई कम होती चली गई है। पानी कम होने पर कार दिखाई दी है।
गांव ककरोई के पास नहर में कार पड़ी होने की सूचना मिली थी। उसे बाहर निकलवाया तो उसमें से युवक का शव मिला है। कार पर काई लगी है और रेत भी भरी है। मामले की जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी सदर सोनीपत
तीन माह से लापता युवक का शव नहर में मिल गया है। शव का वीरवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर नीरज कुमार, सिटी थाना प्रभारी सोनीपत
