धक्का-मुक्की में सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा गिरे, विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे

0
47

पंचकूला || हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) के खिलाफ यूथ कांग्रेस शुक्रवार को सड़कों पर उतरी। कांग्रेस का बजट सत्र के दौरान विधानसभा के घेराव का कार्यक्रम था। खट्टर सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी पंचकूला में जुटे थे। यहां दोपहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पंचकूला के सेक्टर-17-18 के आसपास धारा 144 लगाई गई थी। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस द्वारा रोकने के बाद आगे चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई और कांग्रेस नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा धक्का-मुक्की में नीचे गिर गए। इससे कार्यकर्ता और भड़क गए। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस भी चलती रही। कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा को धक्का मारने वाले पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया जाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख पंचकूला-चंडीगढ़ बॉर्डर पर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।                    यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा का कहना है कि PPP की वजह से हरियाणा में BPL राशन कार्ड, बुढ़ापा पेंशन व आयुष्मान कार्ड कट गए हैं, जिसके खिलाफ हरियाणा युवा कांग्रेस को मजबूरी में सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।प्रदर्शन से पहले धारा 144 लागू किए जाने पर हरियाणा यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशू बुद्धिराजा ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा है कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए ऐसा कर रही है। वह जोर जबरदस्ती करके लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है। सरकार चाहे कुछ भी कर ले, हरियाणा कांग्रेस लोगों के हित के मुद्दे उठाती रहेगी।

हरियाणा युवा कांग्रेस परिवार पहचान पत्र के खिलाफ 12 फरवरी से प्रदेश स्तरीय घंटी बजाओ सरकार जगाओ अभियान छेड़े हुए है। इस अभियान के तहत युवा कांग्रेसियों ने हर जिले में प्रदर्शन कर पीपीपी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की है। इस दौरान युवा कांग्रेसियों ने कई जिलों में सरकार के मंत्रियों और विधायकों का भी घेराव कर अपना विरोध जताया। हरियाणा में चल रहे बजट सत्र के दौरान विधानसभा में कांग्रेस सहित सत्ता पक्ष के विधायक भी PPP की कमियों को लेकर मुद्दा उठा चुके हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि परिवार पहचान पत्र पूरी तरह से गैर जरूरी है। इससे लोगों को राहत तो नहीं मिली, लेकिन उनके लिए परेशानियां जरूर खड़ी हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने भी पीपीपी में गड़बड़ियों की बात कही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि इसे सही कराया जा रहा है।