
इन्द्री || विधायक राम कुमार कश्यप ने 24 मई को इंद्री में आयोजित होने वाली महर्षि कश्यप जयंती समारोह को लेकर हल्के के गांव बीड रायतखाना ,हैबतपुर ,पंजोखरा ,बुटानखेडी सहित कई अन्य गांवों का दौरा कर लोगों को महर्षि कश्यप जयंती समारोह में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया। विधायक राम कुमार कश्यप ने बताया कि इन्द्री की अनाज मंडी में राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इस समारोह में मुख्यतिथि के रूप में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के साथ-साथ प्रदेश के अन्य मंत्रीगण भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारी विधानसभा क्षेत्र के लोगों का सौभाग्य है कि हमें राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह मनाने का अवसर मिला है। इस समारोह में राज्य के सभी जिलों से लोग आएंगे। विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सभी धार्मिक गुरुओं की राज्य स्तरीय जयंती समारोह मनाने का निर्णय लिया है जोकि अपने आप में ऐतिहासिक निर्णय है। किसी भी स्थान पर किसी महापुरुष की जयंती समारोह आयोजित हो वहां पर हमें अवश्य जाना चाहिए। ऐसे समारोहों में जाने से हमें अपने पूर्व इतिहास के बारे जानकारी मिलती है और हम अपनी पुरानी संस्कृति से रूबरू होते हैं। हमें जीवन जीने का आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष किसी विशेष धर्म जाति से संबंध नहीं रखते बल्कि पूरी मानवता को सद़मार्ग पर चलने का संदेश देते हैं इसलिए हमें महर्षि कश्यप जयंती जैसे सभी समारोहों में भाग अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने महापुरुषों के बताए हुए मार्ग पर चलकर उनका मान-सम्मान करना चाहिए। भारतीय संस्कृति भाईचारे एवं आपसी एकता के कारण हमारा देश भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी महापुरुषों के जयंती समारोह मनाने से युवाओं और हमारी आने वाली पीढिय़ोंं को इन महापुरुषों द्वारा दिए गए उपदेश एवं उन्नति के मार्ग पर आगे बढऩे की जानकारियां मिलेंगी। हमारी युवा पीढ़ी का रुझान अपने धर्म समाज व देश की उन्नति की ओर बढ़ेगा । इस मौके पर पूर्व सरपंच श्यामलाल ने कहा कि जयंती समरोह को लेकर समाज के लोगो में भारी उत्साह है। इस समारोह में पूरे हरियाणा से लोग पहुचेगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि हम महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व देश को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें और सामाजिक बुराइयों से दूर रहें। अपनी सोच को सही दिशा दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जब से भाजपा सरकार बनी है प्रदेश के हर वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कार्य किए गए हैं। जिसका लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है। इस अवसर पर उनके साथ राजपाल नम्बरदार ,बलवंत ,सरदार निरंजन सिंह ,गुरबक्श सिंह ,सरपंच किरपाल सिंह ,ओमप्रकाश ,धर्मपाल ,बंता राम ,बचना राम नम्बरदार ,सरपंच निशान सिंह ,मामूराम कश्यप ,राजबीर पंजोखरा ,रामेश्वर व राजेश सहित कई अन्य मौजूद रहे।
