
गुरुजन पावन स्मृति श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचें अनेक महामंडलेश्वर संत
हरिद्वार (सुरजीत विनायक): श्री चेतनज्योति आश्रम हरिद्वार में ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी वागीश्वरानंद और भारत साधु समाज के संस्थापक महामंत्री ब्रह्मलीन स्वामी हरिनारायणानंद महाराज को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुजन पावन स्मृति श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता महामंडलेश्वर परमात्मदेव महाराज ने की। कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भारतीय संस्कृति को संजोए रखने में संतों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि महापुरूषों के तपोबल से सम्पूर्ण विश्व में भारत का एक अलग स्थान है। अनादिकाल से संत महापुरूष धर्म व संस्कृति की पताका को विश्व भर में फहराते आए है। श्रद्धांजलि समारोह में मंच का संचालन करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने बताया कि चेतनज्योति आश्रम द्वारा पिछले 100 वर्षों से लगातार धर्म की रक्षा, साधु-संतों का सम्मान, संस्कृत महाविद्यालय, भारतीय संस्कृति हाई स्कूल के माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति से जोडने का प्रयास कर रहा है। इसी तरह गौशाला में गौ माता की रक्षा करना, साधु-महात्माओं को दैनिक भोजन करवाना, असहाय वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा, चिकित्सा जैसे कार्य कर रहा है। इससे पहले पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज व शिवम महंत ने आए हुए संतों का स्वागत किया। ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि समाज को धर्म की राह दिखाने वाले महामंडलेश्वर संतों व अन्य पीठाधीश्वर का एक साथ एकत्रित होना देश व समाज को एक नई राह दिखाने का प्रयास है। कार्यक्रम उपरांत स्वामी रविदेव शास्त्री महाराज के संचालन में भंडारे में आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी सतपाल ब्रह्मचारी, महंत गोपाल कृष्ण, श्रवण, अनिल, विष्णु भगवान गुप्ता सहित श्रद्धालु उपस्थित थे।
