
कर्नाटक के आए परिणामों ने खोल दी भाजपा सरकार की आंखे
लाडवा (नरेश गर्ग): लाडवा हल्के के विधायक मेवा सिंह ने कहा कि अब देश में प्रदेश की जनता जान चुकी है कि जुमलो से अब सरकार नहीं बनती, अब काम से सरकार बनती है। इसी बात की मोहर शनिवार को कर्नाटक के आए परिणामों ने दे दी है।
विधायक मेवा सिंह ने कहा कि कर्नाटक में जिस प्रकार से पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनी है, उससे अब साफ हो गया है कि अब देश व प्रदेश में जुमलो से सरकार नहीं बनती है। क्योंकि जनता ने देख लिया है कि मौजूदा सरकार केवल जुमले की सरकार है और अब जुमलों से नहीं काम से काम चलेगा। मेवा सिंह रविवार को लाडवा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से सरकार बनने को लेकर बधाई दी। अब भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा में लोकसभा चुनावों में एक बार फिर से कांग्रेस का समय आएगा और भाजपा की वापसी घर की ओर होगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बंपर जीत कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी को मिली है। उससे हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक नई ऊर्जा प्राप्त हुई है और उन्हें एक संजीवनी मिली है। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा के भी कार्यकर्ता नए जोश के साथ भाजपा के कुशासन का प्रचार खुलकर करेंगे। 2024 के विधानसभा चुनावों में हरियाणा में भी कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि अब मौजूदा सरकार का जाने का समय शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में आज हरियाणा का प्रत्येक व्यक्ति परेशान है। किसी का कोई काम नहीं हो रहा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, महंगाई चरम सीमा पर है। जिसके कारण चारों ओर त्राहि-त्राहि मची हुई है। मौके पर अश्वनी शर्मा, राकेश खुराना, हेमंत सैनी, नरेश बसंल, कुंवर सिंघल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
