
करनाल के सेक्टर-13 में लगाए जा रहे फाक्सटेल पाम के पौधे
करनाल || नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि करनाल की सडक़ों को और खुबसूरत व सुंदर बनाने के लिए अब फाक्सटेल पाम के पौधे लगाए जाएंगे। इसका कार्य सेक्टर-13 में शुरू हो गया है। यह पौधे सेक्टर-13 के महर्षि दयानंद चौक से हरियाणा नर्सिंग होम तथा कालड़ा मार्केट के सामने डिवाईडिंग रोड पर लगाए जाएंगे। यह पौधे अच्छी उंचाई तक बढ़ते हैं और हर मौसम में हरे-भरे रहते हैं। इससे न केवल सडक़ पर छाया रहेगी बल्कि सडक़ों की सुंदरता भी बढ़ेगी। इसी उद्देश्य से यह फाक्सटेल पाम का पौधा लगवाया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि इस फाक्सटेल पाम के पौधारोपण के लिए द संगम को-ऑपरेटिव मल्टीपर्पज सोसाईटी लिमिटेड को टैण्डर दिया गया है। इसके अंतर्गत करीब 310 पौधे लगाए जाएंगे तथा इनकी सुरक्षा के लिए सीमेंट कंक्रीट से निर्मित मजबूत ट्री-गार्ड भी लगाए जाएंगे। कार्य का अनुमान हरियाणा शैड्यूल रेट (एच.एस.आर.) के अनुसार तैयार किया गया है तथा इस पर 11 लाख 95 हजार रूपये की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी। यह कार्य आगामी 1 पखवाड़े में मुकम्मल कर लेने की उम्मीद है।
1 वर्ष तक पौधे की मैंटेनेंस करेगी एजेंसी- निगमायुक्त ने बताया कि इस पौधारोपण कार्य में तीन आईटम को शामिल किया गया है। पहली आईटम पौधा लगाने के लिए गढ्ढा करना, जिसका एच.एस.आर. रेट 24 रूपये प्रति गढ्ढा है। दूसरी आईटम फोक्सटेल पाम पौधा, जिसका एच.एस.आर. रेट 1492 रूपये प्रति पौधा तथा तीसरी आईटम पी.सी.सी. का ट्री-गार्ड, इसका एच.एस.आर. रेट 2272 रूपये प्रति ट्री-गार्ड है। इसके अनुसार उपरोक्त कार्य की अनुमानित राशि 11 लाख 94 हजार 900 रूपये बनती है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त एजेंसी ने कुल अनुमान का, माईनस 5.11 प्रतिशत राशि पर कार्य करने के लिए टैंडर भरा था। एजेंसी नेगोशिएशन में इस कार्य को 7 प्रतिशत कम रेट पर करने के लिए तैयार हुई, इसके पश्चात संबंधित एजेंसी को नगर निगम द्वारा वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया। वर्क ऑर्डर के हिसाब से एजेंसी को पौधों की एक साल तक मैंटेनेंस भी करनी होगी।
आम नागरिक भी करें सहयोग- नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि जो पौधे लगाए गए हैं, वह कीमती हैं और उनकी देखभाल की जानी अति आवश्यक है। इसके लिए एरिया अनुसार सभी नागरिक पौधों के संरक्षण में सहयोग दें, ताकि इनकी ग्रोथ हो सके। इससे सडक़ की सुंदरता में इजाफा होगा और हमें आक्सीजन भी प्राप्त होगी।
