किसान, मजदूर व आढ़ती कृषि व्यवस्था के है महत्वपूर्ण अंग:आदित्य

0
11

चेयरमैन आदित्य देवी लाल ने पिहोवा व इस्माईलाबाद अनाज मंडी में लिया गेहूं खरीद कार्य का जायजा, अधिकारियों को दिए गेहूं खरीद व उठान कार्य सुचारु रुप से करने के निर्देश
पिहोवा/इस्माईलाबाद || हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन आदित्य देवीलाल ने कहा कि आधुनिक समय में कृषि व्यवस्था निरंतर बदल रही है और इसलिए मंडियों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। कृषि व्यवस्था में किसान, मजदूर व आढ़तियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है और हमारी कृषि अर्थव्यवस्था ही भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
चेयरमैन आदित्य देवीलाल वीरवार को पिहोवा अनाज मंडी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बाखली द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों व किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं एक किसान परिवार से सम्बन्ध रखता हूं और इसलिए यह समझता हूं कि फसल पकने के बाद मंडी में खरीद होने तक किसान को विभिन्न दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रदेश की सभी अनाज मंडियों का दौरा कर गेहूं खरीद का जायजा ले रहा हूं तथा इस कार्य में सामने आने वाली समस्याओं का मौके पर दूर करने का प्रयास कर रहा हूं। चेयरमैन आदित्य देवीलाल ने पिहोवा में नई अनाज मंडी के निर्माण की प्रक्रिया को पूरी गति देकर नई अनाज मंडी निर्माण का आश्वासन स्थानीय आढ़ती एसोसिएशन को दिया।
उन्होंने कहा कि मजदूर एसोसिएशन के सभी सदस्यों का बहुत पुराना व मजबूत रिश्ता चला आ रहा है। चेयरमैन बनने के बहुत कम समय में ही प्रत्येक मंडी का निरीक्षण करने का मौका मिला। वे प्रदेश के सभी जिलों की मंडियों का भ्रमण कर रहे हैं तथा वहां किसानों की फसल का जायजा ले रहे हैं। किसानों को अपनी फसल का सही मूल्य मिल, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त मंडियों में किसानों को अपनी फसल लाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भी सभी इंतजामों का जायजा समय-समय पर लिया  जा रहा है। मंडियों में व्यापारियों या मजदूरों को भी किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए भी सभी अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है। इस सीजन में आई समस्याओं को दूर करने से अगले सीजन में इन समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। व्यापारियों तथा किसानों का बहुत पीढ़ियों से आपसी सहयोग चलता आ रहा है। इस कार्यक्रम के उपरांत चेयरमैन आदित्य देवी लाल ने इस्माईलाबाद अनाज मंडी का दौरा कर किसानों व आढ़तियों से बातचीत की और अधिकारियों को गेहूं खरीद कार्य सुचारु रुप से करने के दिशा-निर्देश भी दिए।
भाजपा नेता गुरप्रीत सिंह कम्बोज ने गुमथला गढु सबयार्ड में अनाजमंडी की चारदिवारी व रेस्ट हाऊस के नवीनीकरण तथा सबयार्ड में आढ़तियों की दुकानों की अलाटमेेंट प्रक्रिया आरंभ करने सम्बंधित मांग पत्र मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन को दिया। गुमथला गढु सबयार्ड में नवीनीकरण कार्य को जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र बाखली ने कृषि विपणन बोर्ड से सम्बंधित सडक़ों के नवीनीकरण के लिए मांगपत्र सौंपे। चेयरमैन आदित्य देवीलाल ने कहा कि पिहोवा विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक तीर्थ स्थल है। गेहूं के सीजन के पूरा होने के बाद मैं पिहोवा का पुन: दौरा करूंगा और धार्मिक स्थलों के दर्शन करूंगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि बतान, जिला सचिव रामकिशन दुआ, मंडल प्रधान राकेश पुरोहित, किसान सेल के उपाध्यक्ष जगदीप सांगवान, अनाज मंडी प्रधान नंद लाल सिंगला, सचिव रमेश मित्तल, ईश्वर शर्मा बाखली, मोहित शर्मा एडवोकेट, नवीन गर्ग, अरूण गर्ग, गुरप्रीत सिंह कम्बोज, मंदीप सिंह विर्क, जगपाल सिंह, सरपंच बलजीत सिंह, विकल चोबे, मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह, तिलक राज शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन मौजूद रहे।