किसान वेलफेयर कल्ब इन्द्री द्वारा किसान जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन

0
24

इन्द्री(विजय काम्बोज) खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के सभागार में किसान वेलफेयर कल्ब इन्द्री द्वारा किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्रतिशील किसानों को फसल विविधिकरण, मेरी फसल, मेरा ब्यौरा, हरी खादों, धान की सीधी बिजाई,  किसानों को मोटे अनाज व जल शक्ति अभियान के बारे एवं फसलों को कीडों से बचाव के बारे विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान वेलफेयर कल्ब के प्रधान चरण सिंह मढ़ान ने की।
किसान जागरूकता शिविर   में कृषि अधिकारियों ने किसानों को बताया कि हमारी जोत की भूमि लगातार घटती जा रही है, इसलिए किसान कृषि तकनीकों का प्रयोग करके कृषि क्षेत्र में अपनी आमदनी बढा सकते हैं। हमें कृषि क्षेत्र में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए फसली चक्र को अपनाना होगा। किसान अपने खेत से अधिक पैदावार लेने के लिए फसलों में अधिक रासायनिक खादों एवं दवाईयों का इस्तेमाल करते हैं जिसका सीधा-सीधा असर हमारी पैदावार पर पड़ता है। इसलिए हमें रासायनिक खादों की अपेक्षा अपनी फसलों में हरी एवं गोबर खाद का इस्तेमाल करना चाहिए। जिससे हमारी लागत कम व आमदनी अधिक होगी। किसान जागरूकता शिविर में कृषि अधिकारियों ने किसानों को धान की सीधी बिजाई के बारे विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा धान की सीधी बिजाई करने पर किसान को प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। भूमि का जल स्तर लगातार नीचे गिरता चला जा रहा है और धान की सीधी बिजाई करने से पानी की आवश्यकता बहुत कम पड़ती है।
किसान जागरूकता शिविर में एसीडीओ(गन्ना)डॉ. प्रवीन जोशी ने गन्ना की फसल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना के तहत किसान गन्ने में नई-नई तकनीकों को अपनाकर अधिक पैदावार करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने गन्ना में संतुलित उर्वरकों के प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा यूरिया का प्रयोग आवश्यकता से अधिक किया जाता है जिससें फसल में बिमारियों व कीड़े ज्यादा लगते हैं। उन्होंने किसानों को गन्ना की फसल को बिमारियों से बचाने एवं गन्ना की अधिक पैदावार लेने के लिए गन्ने की विभिन्न किस्मों के बारे भी विस्तार से जानकारी दी।
किसान वेलफेयर कल्ब के प्रधान चरण सिंह मढ़ान ने किसान जागरूकता शिविर में किसानों को बताया कि किसान वेलफेयर कल्ब समय पर किसानों को कृषि से संबंधित जानकारी हासिल करवाने के लिए किसान जागरूकता शिविरों का आयोजन करवाता है ताकि किसान इन जागरूकता शिविरों में पहुंचकर कृषि अधिकारियों से कृषि संबंधी जानकारी हासिल कर सकें और कृषि तकनीकों का प्रयोग कर अपनी आमदनी बढ़ा सकें। उन्होंने बताया कि इन जागरूकता शिविरों में किसानों को सरकार द्वारा किसान हित में चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है, ताकि किसान इन योजनाओं का लाभ समय पर उठा सकें।
इस मौके पर एडीओ(गन्ना)डॉ. सुरेन्द्र ढांडा, एडीओ(गन्ना)डॉ. सुभाष जागलान, कृषि विभाग के एडीओ डॉ. सचिन, डॉ. सतीश कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक विनोद कुमार,सुपरवाईजर (गन्ना)डॉ. पुनित कुमार, प्रगतिशील किसान श्याम लाल बुढनपुर, जयप्रकाश गांधी, ईश्वर सिंह मुरादगढ, ईश्वर दयाल इन्द्रगढ, रणजीत सिंह खेडा, सुमेरचन्द फाजिलपुर, गुरनाम सिंह खानपुर, राजपाल शाहपुर व अन्य गांवों के किसान भी उपस्थित रहें।