भाजपा के विकास के दावे महज हवा-हवाई : बिमला सरोहा

0
32

शाहाबाद मारकंडा (सुरजीत विनायक): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्या बिमला सरोहा ने कांग्रेस नेता प्रवीण कौशल के इस्माईलाबाद स्थित व्यापारिक कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के विकास के दावे महज हवा-हवाई है। बिमला सरोहा ने रविवार को सैनी माजरा, ठोल, अजरावर गांवों में लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस्माईलाबाद क्षेत्र में कहां सड़क है और कहां गढ्ढे इसका पता ही नहीं चलता है। उन्होंने कहा कि इस्माईलाबाद की खस्ताहाल सड़कों और उबड़-खाबड़ गलियां तथा इनमें से बहते गंदे पानी को देखकर लगता है कि इस्माईलाबाद नगरपालिका की बजाए नरक पालिका बनी हुई है। उन्होंने कहा सरकार की लापरवाही और बेरुखी के चलते कस्बे के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बिमला ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जिलें में 3 दिवसीय प्रवास के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम रखा गया था जोकि महज एक दिखावा मात्र था। जिसमें प्रदेश के मुखिया मनोहर लाल द्वारा जनता की बात सुनने के बजाय  अपनी सरकार की उपलब्धियां गिना कर झूठी वाहवाही लूटने का काम किया। जबकि जनता को वहां पर भी निराशा ही मिली। उन्होंने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश और देश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर प्रवीण कौशल, अनुराग गांधी, राममूर्ति सैनी माजरा, प्रद्युमन मंधेड़ी, अमरजीत सिंह अजरावर आदि मौजूद थे।