
रादौर (कुलदीप सैनी) : टीबी उन्मूलन अभियान के तहत जठलाना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम प्रियंका व महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर मीना कांबोज ने मुख्य रूप से शिरकत की और महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने उपस्थित आंगनबाड़ी व आशा वर्करों को टीबी से बचाव के बारे में जागरूक किया। एएनएम प्रियंका ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है। लेकिन ऐसा नहीं है कि इससे बचाव न हो। यदि प्रारंभिक अवस्था में ही इस रोग को गंभीरता से लेते हुए उपचार शुरू कर दिया जाए तो बीमारी से बचाव हो सकता है। लेकिन यदि प्रारंभिक अवस्था में न रोका गया तो जानलेवा साबित हो जाता है। यह रोग एक बैक्टीरिया के संक्रमण के कारण होता है। इसे फेफड़ों का रोग माना जाता है। बैक्टीरिया सांस से शरीर में प्रवेश करते हैं। रोग से प्रभावित अंगों में छोटी-छोटी गांठ बन जाती है। उपचार न होने पर धीरे-धीरे प्रभावित अंग अपना कार्य करना बंद कर देते हैं।
