
शाहाबाद (सुरजीत विनायक): ब्राह्मण सभा, पंचायत गौड़ ब्राह्मण सभा, ब्राह्मण एकता मंच ने परशुराम जयंती पर पूर्व में कुछ प्राईवेट स्कूलों द्वारा छुट्टी न किए जाने को लेकर आवाज उठाई है कि अगर इस बार परशुराम जयंती पर कुछ प्राईवेट स्कूल छुट्टी नहीं करते तो उनके खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। पंचायत गौड़ ब्राह्मण सभा के प्रधान रविंद्र शर्मा, ब्राह्मण एकता मंच के प्रधान अधिवक्ता अशोक वत्स, ब्राह्मण सभा के प्रधान कुलदीप शर्मा ने संयुक्त तौर पर कहा कि भगवान परशुराम भगवान श्री हरि विष्णु के छठें अवतार है और चिंरजीवी है। सरकार द्वारा परशुराम जयंती पर राजपत्रित अवकाश होता है लेकिन फिर कुछ प्राईवेट स्कूल संचालक इस दिन स्कूल में छुट्टी नहीं करते है जिसका ब्राह्मण समाज विरोध करता है। एडवोकेट अशोक वत्स ने कहा कि राजपत्रित अवकाश पर स्कूल खोलना सरकार के आदेशों की उल्लंघना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 22 अप्रैल दिन शनिवार को परशुराम जंयती बड़ी धूम-धाम से मनाई जाएगी। वहीं सेवानिवृत अध्यापक उत्तमप्रसाद गौड़, नरेंद्र शर्मा, पीयूष राव, एडवोकेट कुलवंत शर्मा, राममूर्ति शर्मा, अवशीष शर्मा, पूर्व पार्षद ललित भार्गव, एडवोकेट नितिश शर्मा, नवीन शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ललित शर्मा, विनोद शर्मा, पंकज शर्मा ने भी इस विषय पर विरोध जाहिर किया और जो प्राईवेट स्कूल परशुराम जयंती पर छुट्टी नहीं करते उन पर कार्यवाही की मांग की।
क्या कहते है बीईओ: जब इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी डा. एसएस आहुजा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार के नियमों की अवहेलना कोई स्कूल न करें। परशुराम जयंती पर राजपत्रित अवकाश होता है।
