
हरियाणा के 21 जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। दो जिलों यमुनानगर और रेवाड़ी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां मौसम विभाग ने 115.1 MM बारिश होने का विभाग ने अनुमान लगाया है। वहीं अब तक बाढ़ से प्रभावित 606 गांव और 33 शहरों में बीमारी को लेकर हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। यहां बीमारी के विभिन्न कारणों से 22 की मौत हो चुकी है, 45 हजार से ज्यादा लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ गए हैं।
इन जिलों में यलो अलर्ट
हरियाणा के जिन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है उनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखीदादरी शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है, यहां अधिकतम 15 एमएम बारिश हो सकती है।
अब तक कितने लोग बीमार
हरियाणा में बाढ़ ग्रस्त इलाकों में बीमार लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। 24 घंटे में 372 लोगों में फीवर की पुष्टि हुई है, अब तक सूबे में 11604 लोग फीवर से पीड़ित हो चुके हैं।64 लोगों को गैस संबंधी शिकायत मिली है, जिनकी संख्या अब तक 2833 पहुंच गई है।स्नेक बाइट के मामले में भी 60 से अधिक आ चुके हैं। 524 लोगों को स्किन संबंधी शिकायत मिली है। बाढ़ ग्रस्त 12 जिलों में अब तक बीमार लोगों की संख्या 45217 पहुंच गई है।
सरकार के ये इंतजाम
हरियाणा सरकार की तरफ से बाढ़ प्रभावित 12 जिलों में हेल्थ कैंप लगाए जा रहे हैं। प्रभावित जिलों के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 152 हेल्थ कैंप संचालित किए जा रहे हैं। 6 हजार से अधिक लोगों का यहां प्रतिदिन हेल्थ चेकअप किया जा रहा है। इन कैंपों के जरिए 68 हजार से अधिक ORS के पैकेट्स वितरित किए जा चुके हैं। हेल्थ कैंप में 24 घंटे में 34 लोगों का ऑपरेशन किया गया है
