
हरियाणा के सोनीपत में झज्जर पुलिस और पशु चोरों के बीच रात को मुठभेड़ हो गई। हरसाना गांव में पशु चोरों ने पुलिस जवानों को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। पुलिस को गोलियां चलानी पड़ी। एक पुलिस कर्मी इसमें घायल हुआ। पशु चोर को भी पुलिस ने दबोच लिया। इस बीच गोलियों की तड़तड़ाहट से हरसाना में हड़कंप मच गया। पशु चोरों व पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ की एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई है।

जानकारी अनुसार झज्जर में पशुओं की चोरी की बढ़ती वारदात से पुलिस चौकस है। पुलिस ने बीती रात को एक गाड़ी को संदिग्ध हालत में देख कर उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन ड्राइवर गाड़ी भगा ले गया। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। करीब 50 किलोमीटर तक पुलिस उसके पीछे लगी रही। सोनीपत में गांव हरसाना के पास पुलिस ने गाड़ी को घेरा तो पशु चोरों ने पुलिस कर्मियों पर गाड़ी के साथ कुचलने का प्रयास किया। इसमें एक पुलिस कर्मी घायल हो गया।
पुलिस ने इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से गांव मे हड़कंप मच गया। यहां कई राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने एक पशु चोर को दबोच लिया। झज्जर पुलिस पशु चोर व घायल कर्मी को लेकर झज्जर चली गई। घायल पुलिस के जवान काे झज्जर नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
