झलक कांबोज ने नीट की परीक्षा में 720 में 640 अंक प्राप्त कर देशभर में 7 हजार रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया

0
57
रादौर, 7 अगस्त: गांव चमरोडी निवासी अश्विनी कांबोज की बेटी झलक कांबोज ने नीट की परीक्षा में 720 में 640 अंक प्राप्त कर देशभर में 7 हजार रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली झलक कांबोज गांव चमरोडी की पहली ऐसी बेटी होंगी जो एमबीबीएस डॉक्टर बनेंगी। जिसको लेकर झलक कांबोज के परिवार को क्षेत्र के लोगों द्वारा बधाई देने का तांता लगा हुआ है।
इस बार नीट की परीक्षा में देशभर से लगभग 32 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। झलक कांबोज का पहली काउंसलिंग में सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंडीगढ़ सेक्टर-32 में दाखिला हुआ है। झलक कांबोज के दादा व पूर्व मैनेजर कॉपरेटिव बैंक ओमप्रकाश कांबोज ने बताया कि उनके बेटे अश्विनी कांबोज फूड सप्लाई विभाग चंडीगढ़ में ओडिटर के पद पर कार्यरत है। उनकी पोती झलक कांबोज बचपन से पढ़ने में होनहार है। जिसने हर परीक्षा को प्रथम श्रेणी से पास किया। झलक कांबोज ने एमबीबीएस डॉक्टर बनने के  कड़ी मेहनत की है। जिसका फल उसे मिला है। उन्हें अपनी पोती पर गर्व है। वहीं झलक कांबोज ने बताया कि उसने नीट की परीक्षा पास करने के लिए चंडीगढ़ में कोचिंग ली। उसका उद्देश्य डॉक्टर बनकर जनता की सेवा करना है। उसने नीट की परीक्षा पास करने के लिए हर रोज 5 से 6 घंटे पढ़ाई की। जिसके बाद उसने अपनी मंजिल को हासिल किया है।