
यमुनानगर श्री आदिबद्री मंदिर के नजदीक बने भगवान केदारनाथ मंदिर को जाने वाले पुल का एक हिस्सा रविवार को क्षतिग्रस्त हो गया। यह हिस्सा उस समय टूटा जब इसके ऊपर से ट्रैक्टर निकल रहा था। टूटे हिस्से से ट्रैक्टर सोम नदी में गिरने से बच गया। ट्रैक्टर सवार आदिबद्री आत्मनिर्भर गोशाला के संचालक ब्रह्मचारी विनय स्वरूप बाल-बाल बच गए। बाद में एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने मामले को गंभीरता से लिया। पुल के टूटे हिस्से को अस्थायी रूप से ठीक कराकर पैदल के लिए रास्ता खुलवा दिया।
महंत ब्रह्मचारी विनय स्वरूप ने बताया कि वह ट्रैक्टर चालक के साथ किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान सोम नदी पर बना पुल का हिस्सा टूट गया। ट्रैक्टर फंस गया। वे सोम नदी में गिरने से बच गए। इस पुल से लोग केदारनाथ मंदिर जाते हैं। इसी रास्ते से गोशाला की तरफ जाते हैं। पुल के हिस्से के टूटने से गायों के लिए चारे की किल्लत होगी। हरे चारे को भी इसी रास्ते से ले जाया जाता है, लेकिन अब पुल का हिस्सा टूटने से चारे को गोशाला तक ले जाने में परेशानी होगी।
